बरेली। वर्ष 2025 में बरेली परिक्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर अपराध नियंत्रण अभियान चलाए गए। इन अभियानों के तहत वांछित, नामजद, संगठित और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, जिसका असर पूरे परिक्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

वर्ष भर में बरेली परिक्षेत्र के अंतर्गत कुल 83,966 नामजद एवं प्रकाश में आए अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें से 51,414 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10,752 अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इस प्रकार वांछित अपराधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का कुल प्रतिशत 99.98 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो पुलिस की सक्रिय और प्रभावी कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

जनपद बरेली में कुल 37,012 नामजद अभियुक्त प्रकाश में आए, जिनमें से 21,200 को गिरफ्तार किया गया तथा 8,513 अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। जनपद बदायूं में 17,296 नामजद अभियुक्तों में से 8,417 की गिरफ्तारी हुई और 954 अभियुक्तों ने आत्मसमर्पण किया। जनपद पीलीभीत में 11,365 अभियुक्तों के सापेक्ष 10,801 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और 169 अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। जनपद शाहजहांपुर में 18,293 नामजद अभियुक्तों में से 10,996 की गिरफ्तारी तथा 1,116 अभियुक्तों का आत्मसमर्पण दर्ज किया गया।
गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत वर्ष 2025 में परिक्षेत्र में कुल 41 अभियोग पंजीकृत किए गए, जिनमें 201 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान धारा 14(1) के अंतर्गत लगभग 7.80 करोड़ रुपये की अपराधियों की संपत्ति जब्त की गई। इसमें जनपद बरेली में लगभग 5.29 करोड़ रुपये, शाहजहांपुर में 2.16 करोड़ रुपये तथा बदायूं में लगभग 35 लाख रुपये की संपत्ति जब्ती शामिल है।
अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत परिक्षेत्र में कुल 1,734 अभियोग पंजीकृत किए गए और 1,977 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अवैध शस्त्र और कारतूस बरामद किए गए, साथ ही अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों का भी खुलासा किया गया।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध भी पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई की। वर्ष 2025 में कुल 425 अभियोग दर्ज कर 760 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया और 3,527 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिससे तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा।
पुलिस मुठभेड़ों के माध्यम से भी अपराधियों पर लगातार दबाव बनाया गया। वर्ष भर में कुल 145 मुठभेड़ें हुईं, जिनमें 172 अभियुक्त घायल हुए, एक अभियुक्त मारा गया तथा 340 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इन कार्रवाइयों से अपराधियों में कानून का भय स्पष्ट रूप से स्थापित हुआ।
महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति अभियान के तहत भी प्रभावी कार्रवाई की गई। परिक्षेत्र में कुल 28,071 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 27,853 का त्वरित निस्तारण किया गया। महिला अपराधों से संबंधित 3,739 अभियोग पंजीकृत किए गए और 6,627 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिससे महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई।
कुल मिलाकर वर्ष 2025 में बरेली परिक्षेत्र पुलिस द्वारा की गई सख्त, सतत और प्रभावी कार्रवाई से अपराध नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय सफलता मिली है। पुलिस प्रशासन की इस कार्यप्रणाली से आम जनता में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है और अपराधियों में कानून का भय गहराया है।




