बरेली। समाजवादी पार्टी ने बरेली की शांति सिंह को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय महासचिव मनोनीत किया गया है। उनका मनोनयन समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर बागी ने किया है। यह नियुक्ति सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से की गई है।
मनोनयन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। सपा नेताओं ने शांति सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए इसे बरेली के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मनोनयन पत्र में शांति सिंह से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपेक्षा की गई है। इसके साथ ही उन्हें महिला संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन की गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर बरेली की महिला नेता को जिम्मेदारी मिलने से जिले में संगठन को मजबूती मिलेगी। वहीं शांति सिंह के समर्थकों ने उम्मीद जताई कि वह नई जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए महिलाओं को पार्टी से जोड़ने और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
शांति सिंह के राष्ट्रीय महासचिव बनने पर बरेली के सपा नेताओं, महिला सभा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।



