सीबीगंज (बरेली)। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल से घर लौट रहे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा झुमका तिराहे पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें कुचल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव धनतिया निवासी 70 वर्षीय चंद्रपाल गंगवार, जो परसाखेड़ा स्थित एक कार शोरूम के गोदाम में कार्यरत थे, सुबह करीब छह बजे ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह झुमका तिराहे को पार कर रहे थे, तभी बिलवा की ओर से तेज गति से आ रही मुर्गियों से भरी पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में चंद्रपाल गंगवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिकअप में भरी कई मुर्गियों की भी मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया।
हालांकि, हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई में एक नया मोड़ तब आ गया, जब परसाखेड़ा चौकी और फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस के बीच घटनास्थल की सीमा को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों ही पक्ष घटना को अपने-अपने क्षेत्र से बाहर का बता रहे हैं, जिससे पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई में देरी की स्थिति बन गई है।
मृतक चंद्रपाल गंगवार अपने पीछे पत्नी सावित्री देवी, पुत्र हरेंद्र गंगवार और पुत्री सोनिया को छोड़ गए हैं। बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी अविवाहित है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।वहीं परसाखेड़ा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




