बरेली। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का पदग्रहण एवं संकल्प समारोह मंगलवार को चौपाला रोड स्थित रोटरी भवन में भव्य रूप से आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक संजय कपूर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस मौके पर कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के दूसरे चरण को लेकर पदाधिकारियों को सक्रियता के निर्देश दिए गए।
जिला अध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने कहा कि रायपुर अधिवेशन में लिए गए निर्णयों के तहत मंडल अध्यक्षों का गठन जल्द होगा। यह संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम होगा।
महानगर अध्यक्ष दिनेश दादा एडवोकेट ने कहा कि अब हर वार्ड में कांग्रेस का झंडा लहराएगा। मजबूत कमेटियों के गठन से संगठन की सक्रियता बढ़ेगी।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.बी. त्रिपाठी ने इसे संगठनात्मक क्रांति की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान कांग्रेस को जिले में नई मजबूती देगा।
मुख्य अतिथि संजय कपूर ने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय राय के नेतृत्व में संगठन को बूथ से लेकर मंडल स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। जो पदाधिकारी कार्य नहीं करेंगे, उन्हें 30 दिन के भीतर हटाया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
