प्रशिक्षण के दौरान अनुपस्थित पाये जाने वाले कार्मिकों के खिलाफ होगी एफआईआर

SHARE:

पंकज शर्मा

अलीगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया। जिला मजिस्ट्रेट, जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्र भूषण सिंह द्वारा मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण सत्र का औचक निरीक्षण कर मतदान कार्मिकों से स्पिलिट बूथ, टेण्डर वोट, चैलेंज वोट, मतपत्र लेखा आदि पर प्रश्नोत्तर भी किया गया।
उन्हांेंने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में प्रत्येक निर्वाचन कार्मिक की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आपको जो भी निर्वाचन सामग्री दी जा रही है, घर जाकर उसका भली-भाँति अध्ययन कर लें, ताकि मतदान के समय कोई त्रुटि न हो। उन्होंने कहा कि आपकी छोटी सी गलती पूरे मतदान को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक जितनी सूक्ष्मता, तन्मयता एवं मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, उतने ही अच्छे ढंग से अपने दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए निर्वाचन कार्य को सकुशल ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा। मतदान के दिन कोई समस्या न आए इसलिए अच्छे ढंग से प्रशिक्षण को प्राप्त करें तथा प्रशिक्षण में बताए जा रहे अपने दायित्वों से संबंधित बिंदुओं को अपनी डायरी में नोट भी कर लें और उसका मनन एवं चिंतन भी करें। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी गलती बड़ी समस्या पैदा कर सकती है, इसलिए प्रशिक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता न बरती जाए। प्रशिक्षण में अनुपस्थित पाए जाने वाले मतदान अधिकारियों, कार्मिकों के विरुद्ध राज्य निर्वाचन आयोग की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाय।मुख्य विकास अधिकारी, प्रभारी अधिकारी (मतदान कार्मिक) अंकित खण्डेलवाल ने सभी मास्टर ट्रेनर्स से कहा कि आप सभी मतदान कार्मिकों से स्पिलिट बूथ, मतपत्र लेखा, मतपेटी सील करना, पीठासीन डायरी, मतदान कार्मिकों के कार्य व दायित्व, मतदान सामग्री का मिलान, मतदान अभिकर्ता नियुक्ति, कम्पेनियन आदि पर चर्चा करें तथा इन विषयों से संबंधित वीडियो भी दिखायें। उन्होंने प्रत्येक कमरे में जाकर चल रही ट्रेनिंग की व्यवस्था व प्रशिक्षण के गुणवत्ता का जायजा लेते हुए बताया कि प्रशिक्षण निर्धारित समय सारिणी के अनुसार संचालित किया जा रहा है।
सम्पूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का पर्यवेक्षण कार्य देख रहे उपनिदेशक बेसिक इंद्र प्रकाश सोलंकी, डीआईओएस धर्मेंद्र शर्मा एवं बीएसए लक्ष्मी कांत पांडेय ने बताया कि प्रत्येक पाली में 1000 मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। रविवार को प्रथम दिन कुल 3000 मतदान कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के अंत में प्रश्नावली के माध्यम से फीडबैक भी लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सम्पूर्ण प्रशिक्षण सत्र में 73 मास्टर ट्रेनर्स पूरी तैयारी के साथ प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों के खिलाफ एफआईआर किया जा रहा है।

cradmin
Author: cradmin

Leave a Comment

error: Content is protected !!