गड्ढे में उतरा सरिया लदा ट्रक, चालक की मौत

SHARE:

बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सरिया से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटा। हादसे में 24 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहचालक को रेस्क्यू कर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है।

क्षेत्राधिकारी आंवला नितिन कुमार के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 4 बजे ट्रक संख्या UK18 CA 1984 उत्तराखंड के काशीपुर से सरिया लादकर आंवला की ओर आ रहा था। रामनगर और मउचंदपुर के बीच अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और गड्ढे में जा धंसा।ट्रक के नीचे उतरते ही पीछे लदा भारी सरिया आगे की ओर खिसक गया और केबिन को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। इसी दौरान चालक सरियों के बीच फंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली आंवला पुलिस, पीआरवी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सीटीटीएनएस टीम के एसआई रामवीर सिंह और सीएसए राजेश रावत ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

केबिन में फंसे चालक और सहचालक को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। सरिया और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाकर रास्ता बनाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद सहचालक अरुण सागर (26 वर्ष), निवासी ग्राम हिम्मतपुर, काशीपुर (उत्तराखंड) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

चालक मोनू (24 वर्ष) पुत्र करण सिंह सरियों के बीच दब गया था, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक असंतुलित हुआ। पुलिस हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!